
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) द्वारा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम घोषित करने की तैयारियों के बीच एक बड़ी चेतावनी सामने आई है, बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों को उन साइबर ठगों से सावधान रहने को कहा है, जो फोन कॉल के जरिए नंबर बढ़वाने या फेल छात्र को पास कराने का झांसा दे रहे हैं।
Table of Contents
ठगों का नया पैंतरा: फेल होने का डर दिखाकर मांग रहे पैसे
बोर्ड को ऐसी कई शिकायतें मिली हैं जिनमें जालसाज खुद को बोर्ड ऑफिस का कर्मचारी बताकर छात्रों को फोन कर रहे हैं। ये ठग छात्रों का रोल नंबर और विवरण बताकर उनका विश्वास जीतते हैं और फिर विषय विशेष में फेल होने का डर दिखाकर नंबर बढ़ाने के बदले रुपयों की मांग करते हैं।
बोर्ड ने स्पष्ट किया: “नंबर बढ़ाना असंभव”
यूपी बोर्ड के सचिव ने स्पष्ट किया है कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी तरह गोपनीय और पारदर्शी होती है, परीक्षा के बाद किसी भी स्तर पर अंक बढ़ाना या बदलाव करना पूरी तरह असंभव है, बोर्ड ने साफ किया है कि UPMSP की ओर से कभी भी किसी छात्र या अभिभावक को व्यक्तिगत कॉल या मैसेज नहीं किया जाता है।
अभिभावकों के लिए जरूरी गाइडलाइन
- व्यक्तिगत जानकारी न दें: किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना रोल नंबर, स्कूल कोड या बैंक विवरण साझा न करें।
- प्रलोभन में न आएं: पास कराने या मेरिट में लाने के दावों को पूरी तरह नजरअंदाज करें।
- शिकायत दर्ज करें: यदि ऐसी कोई कॉल आती है, तो तत्काल अपने जिले के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को सूचित करें या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
कब आएगा रिजल्ट?
फिलहाल कॉपियों के मूल्यांकन का कार्य अंतिम चरण में है, सूत्रों के मुताबिक, यूपी बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणाम अप्रैल के चौथे सप्ताह में घोषित कर सकता है, छात्र केवल आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर दी गई जानकारी पर ही भरोसा करें।
















